कमला-बलान तटबंधों का डीएम ने किया निरीक्षण
तटबंधों की निरंतर निगरानी का दिया निर्देश

न्यूज़ मिथिला डेस्क. दरभंगा के जिलाधिकारी कौशल कुमार ने रविवार को कमला-बलान नदी के तटबंधों का व्यापक निरीक्षण किया। उन्होंने कोठराम चौक से रसियारी तक दायां तटबंध का जायजा लिया। साथ ही कमला और कोसी नदी के बीच निर्माणाधीन पुलों का भी औचक निरीक्षण किया।
डीएम ने कार्यपालक अभियंता और बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल को तटबंधों की निरंतर निगरानी का निर्देश दिया। वर्षा काल में होने वाले रेन कट की समय पर मरम्मत करने को कहा। इसके अलावा उन्होंने असमा से चतरा खैसा तक बायां तटबंध और कोठराम चौक से पलवा तक दायां तटबंध की स्थिति का निरीक्षण किया।
जिलाधिकारी ने झंझारपुर-1 और झंझारपुर-2 के कार्यपालक अभियंताओं से नदी और तटबंध की वर्तमान स्थिति की जानकारी ली। रसियारी स्थित जल संसाधन विभाग के स्थायी कैंप का भी निरीक्षण किया। उन्होंने सभी अभियंताओं को तटबंधों का नियमित निरीक्षण करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान अपर समाहर्ता आपदा प्रबंधन सलीम अख्तर, कार्यपालक अभियंता, बिरौल के अनुमंडल पदाधिकारी, घनश्यामपुर अंचलाधिकारी पवन कुमार साह, गौड़ाबौराम अंचलाधिकारी अभिषेक आनंद समेत कुशेश्वरस्थान और तारडीह के संबंधित पदाधिकारी और अभियंता मौजूद थे।


