
दोनार चौक पर 134 करोड़ से बनेगा फोरलेन ओवरब्रिज:ओवरब्रिज दरभंगा शहर के चार प्रमुख रास्तों को जोड़ेगा, तीन अनुमंडल आपस में जुड़ेंगे
न्यूज़ मिथिला डेस्क : दरभंगा में सोमवार को दोनार रेलवे ओवरब्रिज का निर्माण कार्य शुरू हो गया। इसी के साथ 20 साल का इंतजार भी खत्म हो गया। राजस्व एवं भूमि सुधार मंत्री संजय सरावगी ने पूजा कर काम की शुरुआत करवाई। यह फोरलेन ओवरब्रिज दरभंगा शहर के चार प्रमुख रास्तों को जोड़ेगा। एक लेन भटियारी सराय, दूसरी दरभंगा स्टेशन, तीसरी कर्पूरी चौक और चौथी सोनकी की ओर जाएगी।

इस ओवरब्रिज से तीन अनुमंडल आपस में जुड़ेंगे। लाखों लोगों को रेलवे गुमटी बंद होने से लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। पथ निर्माण विभाग ने इसके लिए 134 करोड़ रुपए स्वीकृत दी है। इसमें जमीन अधिग्रहण की राशि भी शामिल है।
पुल दरभंगा शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाएगा
मंत्री संजय सरावगी ने बताया कि यह पुल दरभंगा शहर को ट्रैफिक जाम से मुक्ति दिलाएगा। लंबे समय से इसकी मांग की जा रही थी। अब सभी अड़चनें दूर कर काम शुरू कर दिया गया है। यह पुल दरभंगा के लिए बड़ी सौगात साबित होगा।
उन्होंने बताया कि दरभंगा स्टेशन से एकमी तक और कर्पूरी चौक से आमस-गया-दरभंगा एक्सप्रेसवे तक 1886 करोड़ से एलिवेटेड रोड भी बनेगा। इसकी निविदा प्रक्रिया शुरू हो गई है। इसका शिलान्यास भी जल्द होगा। यह एलिवेटेड रोड इसी ओवरब्रिज के ऊपर से गुजरेगी।
सीएम ने आश्वासन दिया था
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने प्रगति यात्रा के दौरान दरभंगा में इस पुल का आश्वासन दिया था। इसके बाद इसे कैबिनेट से मंजूरी मिली। अब निर्माण कार्य शुरू हो गया है।

