दरभंगा कोर्ट में ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन: मुकदमा लड़ने वालों के लिए बड़ी राहत
केस की पूरी जानकारी मुफ्त में ले सकेंगे

न्यूज़ मिथिला डेस्क, दरभंगा: दरभंगा में पटना हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति चंद्रशेखर झा और संदीप कुमार शनिवार को दरभंगा पहुंचे। दोनों ने व्यवहार न्यायालय परिसर में ई-सेवा केंद्र का उद्घाटन किया। फीता काटने के बाद दोनों न्यायमूर्तियों ने केंद्र का निरीक्षण भी किया।
न्यायमूर्ति चंद्रशेखर झा ने कहा कि यह केंद्र मुकदमा लड़ने वालों के लिए बड़ी राहत है। अब किसी को जानकारी के लिए इधर-उधर नहीं भटकना पड़ेगा। लोग यहां आकर अपने केस की पूरी जानकारी मुफ्त में ले सकेंगे। उन्होंने इसे न्यायिक व्यवस्था में अहम कदम बताया।
वकील का इंतजार नहीं करना पड़ेगा
न्यायमूर्ति संदीप कुमार ने कहा कि अब क्लाइंट को अपने केस की स्थिति जानने के लिए वकील का इंतजार नहीं करना पड़ेगा। अगर कोई मामला कोर्ट में चल रहा है और वकील सही जानकारी नहीं दे रहे हैं, तो यहां आकर ई-कोर्ट के माध्यम से केस का स्टेटस पता चल जाएगा। यह सेवा पूरी तरह नि:शुल्क है। इसमें किसी को कोई पैसा नहीं देना होगा। यह सुविधा कोर्ट के कामकाजी समय में उपलब्ध रहेगी।
उन्होंने कहा कि यह सुविधा गरीब और अमीर सभी के लिए है। सभी लोग आसानी से अपने मुकदमे की जानकारी यहां से ले सकते हैं। अभी तक की सबसे नई सुविधा यहां दी गई है। आगे जरूरत पड़ी तो और सुधार किए जाएंगे। दरभंगा कोर्ट के पास पहले से कई व्यवस्थाएं हैं। जो कमी होगी, उसे पूरा किया जाएगा।
उद्घाटन के दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। दरभंगा पुलिस अलर्ट मोड में रही। परिसर में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया था।