
दरभंगा (न्यूज़ मिथिला)। भारतीय जनता पार्टी महिला मोर्चा बिहार प्रदेश की ओर से शनिवार को ए.एन. कॉलेज, पटना में मॉक पार्लियामेंट का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता राज्यसभा सांसद एवं महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने की। इस अवसर पर बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं शामिल हुए और लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मंच पर जीवंत रूप में प्रस्तुत किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. दिलीप जायसवाल ने दीप प्रज्वलन कर किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि आपातकाल भारतीय लोकतंत्र का सबसे अंधकारमय कालखंड था। उस दौर में संविधान को ताक पर रखकर आम नागरिकों की स्वतंत्रता छीन ली गई थी।
डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने अपने वक्तव्य में कहा,
“आपातकाल सिर्फ राजनीतिक अत्याचार नहीं था, बल्कि यह भारत के लोकतंत्र और संविधान पर सीधा हमला था। आज की युवा पीढ़ी को उस इतिहास से सीख लेनी चाहिए और लोकतंत्र की रक्षा के लिए सजग रहना चाहिए।”
कार्यक्रम तीन सत्रों में आयोजित हुआ। पहले सत्र की अध्यक्षता डॉ. धर्मशीला गुप्ता ने, दूसरे सत्र की अध्यक्षता पूर्व विधान पार्षद डॉ. किरण घई ने और तीसरे सत्र का संचालन पूर्व सांसद श्री रामकृपाल यादव ने किया। मॉक पार्लियामेंट में पक्ष-विपक्ष की शैली में छात्र-छात्राओं ने आपातकाल और संवैधानिक अधिकारों पर प्रभावशाली वाद-विवाद प्रस्तुत किया। अंत में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को अतिथियों द्वारा प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम का संचालन श्रीमती सरोज जायसवाल ने किया। धन्यवाद ज्ञापन श्रीमती मीना झा, भारती सुमन एवं शोभा सिंह ने संयुक्त रूप से किया।
कार्यक्रम में प्रदेश मीडिया प्रभारी कुमारी बसुधा, प्रदेश उपाध्यक्ष शिला कुशवाहा, कुमकुम देवी, चेतना सिन्हा, सरला रजक, सीमा पांडेय, शशि वालडीहर, चांदनी पांडे, सीमा शर्मा, गुड़िया तिवारी, माला सिंहा, रीता सिंह, कांति केसरी, सुजाता मिश्रा सहित महिला मोर्चा की कई पदाधिकारी मौजूद रहीं।



