टॉप न्यूज़बिहारराजनीतिराज्यसोशल मीडिया

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक कुमार राम जदयू में होंगे शामिल : सूत्र

कांग्रेस के वरिष्ठ नेता डॉ. अशोक कुमार राम जदयू में होंगे शामिल
कल दोपहर औपचारिक रूप से लेंगे सदस्यता, विश्वस्त सूत्रों से पुष्टि

पटना, न्यूज़ मिथिला डेस्क : बिहार की सियासत में एक बड़ी हलचल की खबर सामने आ रही है। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व मंत्री डॉ. अशोक कुमार राम अब जनता दल यूनाइटेड (जदयू) का दामन थामने जा रहे हैं। विश्वस्त सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. राम कल दोपहर जदयू की औपचारिक सदस्यता ग्रहण करेंगे।

डॉ. अशोक कुमार राम कांग्रेस पार्टी के एक लंबे समय तक प्रमुख चेहरा रहे हैं। वे कांग्रेस विधायक दल के नेता रह चुके हैं। इसके अतिरिक्त, वर्ष 2000 में राबड़ी देवी मंत्रिमंडल में वे कैबिनेट मंत्री के रूप में कार्य कर चुके हैं। डॉ. राम अब तक छह बार बिहार विधानसभा के लिए निर्वाचित हो चुके हैं, जो उनके राजनीतिक अनुभव और जनाधार को दर्शाता है।

डॉ. राम का पारिवारिक राजनीतिक इतिहास भी गौरतलब है। उनके पिता स्वर्गीय बालेश्वर राम वर्ष 1952 से 1977 के बीच सात बार विधायक निर्वाचित हुए थे। साथ ही, वे पूर्व प्रधानमंत्री श्रीमती इंदिरा गांधी के मंत्रिपरिषद में राज्यमंत्री भी रहे।

राजनीतिक विश्लेषकों का मानना है कि डॉ. राम का जदयू में जाना कांग्रेस के लिए एक बड़ा झटका साबित हो सकता है, वहीं जदयू को दलित नेतृत्व के संदर्भ में एक मजबूत चेहरा मिल जाएगा। आने वाले समय में इस घटनाक्रम का असर प्रदेश की राजनीति पर साफ़ तौर पर देखने को मिल सकता है।

कांग्रेस के सूत्र बताते हैं कि कृष्णा अल्लावरू के बिहार कांग्रेस प्रभारी बनने के बाद अशोक राम परेशानी में थे। काफी वरिष्ठ नेता होने के बावजूद उन्हें पार्टी में हाशिये पर रख दिया गया था। अशोक राम जिस जाति से आते हैं उसी जाति से आने वाले राजेश राम को बिहार कांग्रेस का अध्यक्ष बना दिया गया था। पार्टी के कार्यक्रमों से भी अशोक राम को अलग-थलग रखा जा रहा था।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!