
दरभंगा, 5 अगस्त : जिले में विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2025 के अंतर्गत मतदाता सूची के अद्यतन और सुधार कार्य के लिए विशेष कैंपों का आयोजन शुरू हो चुका है। जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह जिलाधिकारी श्री कौशल कुमार के निर्देश पर यह विशेष अभियान 2 अगस्त से 1 सितंबर 2025 तक चलेगा। इस अवधि में हर दिन (रविवार सहित) सुबह 10 बजे से शाम 5 बजे तक सभी प्रखंडों, नगर निकाय क्षेत्रों एवं मतदान केंद्रों पर विशेष कैंप लगाए जा रहे हैं।
इस अभियान का उद्देश्य है कि कोई भी योग्य मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। जिला प्रशासन की ओर से बताया गया कि 1 अगस्त 2025 को प्रारूप मतदाता सूची प्रकाशित कर दी गई है। इसके बाद जिन नागरिकों का नाम सूची में नहीं है, वे प्रपत्र-6 भरकर आवश्यक दस्तावेजों के साथ कैंप स्थल पर जमा कर सकते हैं। कैंपों में तैनात कर्मियों द्वारा फॉर्म भरने में मदद भी की जा रही है। ये सभी फॉर्म बीएलओ या कैंप स्थल पर निःशुल्क उपलब्ध हैं।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि जो व्यक्ति 1 जुलाई 2025 को 18 वर्ष का हो चुका है या 1 अक्टूबर 2025 तक 18 वर्ष का हो जाएगा, वह घोषणापत्र के साथ प्रपत्र-6 भरकर अपना नाम मतदाता सूची में दर्ज करवा सकता है।
इसके अलावा, प्रपत्र-7 के माध्यम से मृत या अन्यत्र स्थानांतरित मतदाताओं के नाम सूची से हटवाए जा सकते हैं, जबकि प्रपत्र-8 के माध्यम से नाम, पता या अन्य विवरणों में सुधार करवाया जा सकता है।
जिला निर्वाचन पदाधिकारी द्वारा जिले के 3329 मतदान केंद्रों की प्रारूप मतदाता सूची सभी मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों को उपलब्ध कराई जा चुकी है। साथ ही जिन घरों तक गणना प्रपत्र नहीं पहुंचे हैं, उनकी सूची भी संबंधित दलों को दी गई है।
बीएलए (बूथ लेवल एजेंट) और बीएलओ (बूथ लेवल ऑफिसर) की प्रारंभिक बैठकें पहले ही हो चुकी हैं। आगामी बैठकें 8 और 9 अगस्त 2025 को सभी प्रखंडों में आयोजित की जाएंगी।
मतदाता सूची से संबंधित किसी भी जानकारी या सहायता के लिए जिला नियंत्रण कक्ष आईटी कोषांग, समाहरणालय में संचालित है। नागरिक 1950 नंबर पर संपर्क कर सकते हैं।
अब तक प्राप्त आवेदन प्रपत्रों की संख्या इस प्रकार है – प्रपत्र-6: 75, प्रपत्र-7: 0 और प्रपत्र-8: 20
डीएम कौशल कुमार ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस विशेष अभियान का लाभ उठाएं और सुनिश्चित करें कि उनका नाम मतदाता सूची में दर्ज हो। उन्होंने कहा कि यह लोकतंत्र की आधारशिला है कि हर योग्य नागरिक को मतदान का अधिकार मिले और उसके नाम मतदाता सूची में शामिल हों।


