BJP कार्यकर्ता लाठीचार्ज मामले में 48 घंटे में होगी कार्रवाई:विजय सिन्हा

न्यूज़ डेस्क. बिहार के उपमुख्यमंत्री विजय कुमार सिन्हा ने दरभंगा में भाजपा कार्यकर्ताओं पर हुए लाठीचार्ज की घटना को गंभीरता से लेते हुए जिला प्रशासन को 48 घंटे के भीतर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। बुधवार को दरभंगा पहुंचे डिप्टी सीएम ने जिलाधिकारी कौशल कुमार और एसएसपी जगन्नाथ रेड्डी से इस घटना की पूरी जानकारी ली और बाद में पत्रकारों से बातचीत की।
डिप्टी सीएम ने कहा कि भाजपा का कार्यकर्ता जनता और सरकार के बीच सेतु का काम करता है। इस सेतु को तोड़ने का प्रयास करने वाला कोई भी व्यक्ति, चाहे वह कितना भी बड़ा क्यों न हो, बख्शा नहीं जाएगा। हमने अधिकारियों से स्पष्ट कहा है कि 48 घंटे के भीतर कार्रवाई सुनिश्चित हो। डिप्टी सीएम ने इस बात पर भी नाराजगी जताई कि घटना को पांच दिन बीतने के बाद भी अब तक डीएमसीएच में भर्ती घायल कार्यकर्ताओं का फर्द बयान दर्ज नहीं किया गया है। उन्होंने प्रशासनिक लापरवाही को चिंताजनक बताया और कहा कि भाजपा कार्यकर्ताओं को न्याय दिलाना सरकार की प्राथमिकता है।
उल्लेखनीय है कि 7 जून को भाजपा कार्यकर्ताओं ने नगर निगम की डिप्टी मेयर नाजिया हसन के खिलाफ मशाल जुलूस निकालने की घोषणा की थी। नाजिया हसन पर सोशल मीडिया पर आरएसएस की तुलना पाकिस्तान से करने का आरोप है। प्रशासन की ओर से इस जुलूस की अनुमति नहीं दी गई थी। इसके बावजूद कार्यकर्ता जुलूस निकालने जुटे थे।
इस दौरान भाजपा के जिला अध्यक्ष आदित्य नारायण चौधरी मन्ना , जिलामंत्री बालेंदु झा , सोनी पूर्वे , संगीता शाह समेत कई कार्यकर्ताओं की पुलिस के साथ झड़प हुई, जिसके बाद पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया। इस घटना में जिलाध्यक्ष समेत करीब आधा दर्जन कार्यकर्ता घायल हुए, जिन्हें इलाज के लिए दरभंगा मेडिकल कॉलेज अस्पताल (डीएमसीएच) में भर्ती कराया गया।
हालांकि घटना के पांच दिन बीतने के बावजूद अब तक किसी भी घायल कार्यकर्ता का फर्द बयान दर्ज नहीं किया गया है, न ही प्राथमिकी दर्ज हुई है। इसे लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में नाराजगी है। डिप्टी सीएम का यह दौरा न केवल घायलों का हालचाल जानने के लिए था, बल्कि प्रशासन पर दबाव बनाने के उद्देश्य से भी था कि ऐसे मामलों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।