दरभंगा: 7 अक्टूबर को आयोजित सेवा संकल्प अभियान (सेवा ज्योति यात्रा) को लेकर दरभंगा शहर में सुबह 9 बजे से दोपहर 2 बजे तक ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया गया है। दरभंगा पुलिस की ओर से जारी ट्रैफिक प्लान के अनुसार कई मार्गों पर वाहनों का रूट बदला रहेगा।
लोहिया चौक (हाजमा) से बिशनपुर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन, दोपहिया वाहनों को छोड़कर, एकमी बांध रोड से होते हुए बहेड़ी, अहिला और ओझौल होकर जाएंगे। वहीं शोभन से लोहिया चौक की ओर जाने वाले सभी प्रकार के छोटे वाहन शोभन से दिल्ली मोड़ होते हुए शहर की ओर जाएंगे।
बिशनपुर से शोभन की ओर जाने वाले सभी प्रकार के वाहन, दोपहिया वाहनों को छोड़कर, बिशनपुर चौक (बिशनपुर पुराना थाना) से सरवाड़ होते हुए बिठौली की ओर जाएंगे। बिशनपुर से आने वाली छोटी गाड़ियां लोहरसारी चौक से भरौल पंचोभ की ओर जाएंगी तथा पंचोभ से घूमकर लोहिया चौक (हाजमा) की ओर जा सकेंगी।
ट्रैफिक प्लान के तहत बिशनपुर चौक (पुराना थाना) से भारी व्यावसायिक वाहनों को किसी भी परिस्थिति में एकमी चौक की ओर जाने की अनुमति नहीं होगी। इसी तरह शोभन चौक से भी भारी व्यावसायिक वाहन एकमी चौक की ओर नहीं आ सकेंगे।
पुलिस के अनुसार, उक्त मार्गों के अलावा शहर के अन्य सभी रूट पर वाहनों का परिचालन पूर्व की तरह जारी रहेगा। हालांकि विशेष परिस्थिति में ट्रैफिक व्यवस्था में बदलाव किया जा सकता है।
ट्रैफिक प्लान में एंबुलेंस और अग्निशमन समेत सभी आपातकालीन वाहनों को इस व्यवस्था से मुक्त रखा गया है। कार्यक्रम में शामिल होने वाले आम लोगों, कार्यकर्ताओं एवं पदाधिकारियों के वाहनों की पार्किंग के लिए एकमी चौक से RAJ RESORT जाने वाली सड़क के किनारे व्यवस्था की गई है।
