उत्कृष्ट आम शोध केंद्र की स्थापना के लिए वैज्ञानिकों की तेजी से की जा रही पहल केंद्र सरकार की संवेदनशीलता का उदाहरण – डा गोपाल जी ठाकुर
दरभंगा में आम उत्कृष्टता केंद्र की पहल तेज, वैज्ञानिक दल ने संभावित स्थलों का किया निरीक्षण
दरभंगा : जिले में आम उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना की दिशा में पहल तेज हो गई है। भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद (ICAR) की इकाई केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ के वैज्ञानिकों की टीम ने दरभंगा पहुंचकर संभावित स्थलों का निरीक्षण शुरू कर दिया है। वैज्ञानिक दल ने शुभंकरपुर समेत जिले के आधा दर्जन से अधिक पुराने आम बगीचों का भ्रमण कर स्थिति का जायजा लिया।
सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने बताया कि आम उत्कृष्टता केंद्र की स्थापना को लेकर उनके संसदीय कार्यालय में तीन दिन पूर्व विस्तृत चर्चा हुई थी। इसके बाद वैज्ञानिकों की टीम ने संभावित स्थलों का निरीक्षण शुरू किया है। टीम में केंद्रीय उपोष्ण बागवानी संस्थान, लखनऊ के प्रधान वैज्ञानिक डॉ. संजय कुमार सिंह तथा कृषि विज्ञान केंद्र, मालदा के प्रमुख दुष्यंत राघव शामिल रहे।
सांसद ने कहा कि प्रस्तावित केंद्र के माध्यम से मिथिला क्षेत्र में आम की जैव विविधता के संरक्षण के साथ स्थानीय किस्मों के विकास पर काम किया जाएगा। पुराने आम बगीचों के जीर्णोद्धार, सिंचाई, पोषण, कीट एवं व्याधि प्रबंधन को लेकर किसानों को क्लस्टर आधारित प्रशिक्षण देने की योजना है।
उन्होंने कहा कि आम उत्पादन को रोजगार से जोड़ने के लिए प्रसंस्करण और वैश्विक बाजार तक पहुंच की व्यवस्था विकसित करने पर भी जोर दिया जाएगा। डॉ. ठाकुर के अनुसार, दरभंगा सहित मिथिला क्षेत्र के आम, मखाना, मछली और मिथिला पेंटिंग जैसी स्थानीय विशेषताओं को रोजगार एवं बाजार से जोड़ने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
