तीन साल की समय-सीमा में दरभंगा एम्स का निर्माण पूरा कर इलाज शुरू करे सरकार : उमेश राय

Must read

दरभंगा एम्स निर्माण को लेकर नागरिक समाज ने सौंपा ज्ञापन

तीन वर्ष की समय-सीमा में निर्माण पूरा कर इलाज शुरू कराने की मांग

न्यूज़ मिथिला, दरभंगा : दरभंगा एम्स बनाओ अभियान, नागरिक समाज के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिला पदाधिकारी के माध्यम से राष्ट्रपति, केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री जेपी नड्डा, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी एवं स्वास्थ्य मंत्री निशांत कुमार को ज्ञापन सौंपा। प्रतिनिधिमंडल में अभियान के संयोजक उमेश राय, सीपीआई के जिला सचिव नारायण जी झा एवं सीपीएम के जिला सचिव मंटू ठाकुर शामिल थे।

ज्ञापन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा घोषित समय-सीमा के भीतर दरभंगा एम्स का भवन निर्माण पूरा कर इलाज शुरू कराने की मांग की गई। अभियान के संयोजक उमेश राय ने कहा कि प्रधानमंत्री ने 13 नवंबर 2024 को तीन वर्ष के भीतर दरभंगा एम्स का निर्माण कराकर इलाज शुरू कराने की घोषणा की थी। घोषणा को करीब दो वर्ष बीत चुके हैं, लेकिन अब तक भवन निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ है और टेंडर की प्रक्रिया भी पूरी नहीं हुई है।

उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य में हो रही देरी से उत्तर बिहार के लोगों में निराशा और संशय की स्थिति पैदा हो रही है। लोगों को आशंका है कि कहीं दरभंगा एम्स को लेकर प्रधानमंत्री की घोषणा भी केवल घोषणा बनकर न रह जाए।

अभियान की ओर से बताया गया कि दो अक्टूबर को महात्मा गांधी एवं लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर सामूहिक उपवास कर दरभंगा एम्स का निर्माण शीघ्र शुरू कराने की मांग उठाई गई थी। प्रतिनिधिमंडल ने राष्ट्रपति एवं केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री से हस्तक्षेप कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर निर्माण पूरा कराने और तत्काल चिकित्सा सेवा शुरू कराने की मांग की।

उमेश राय ने कहा कि यदि सरकार दरभंगा एम्स के निर्माण को लेकर टालमटोल करती है तो उत्तर बिहार की जनता लोकतांत्रिक तरीके से इसका जवाब देगी। उन्होंने कहा कि एम्स का निर्माण उत्तर बिहार के करोड़ों लोगों की स्वास्थ्य सुविधा से जुड़ा महत्वपूर्ण विषय है, इसलिए इसमें किसी भी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी।

NEWS MITHILA, MOBILE NO- 9953259591 EMAIL ID- newsofmithila@gmail.com
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article