बाबा बैद्यनाथ से पीएम मोदी के दीर्घायु और देश को लंबे समय तक नेतृत्व देने की प्रार्थना
न्यूज मिथिला, दरभंगा : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर भाजपा सांसद सह लोकसभा में पार्टी के सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने बुधवार, 7 अक्टूबर को सुल्तानगंज से कांवर यात्रा शुरू की। परिवारजनों और भाजपा कार्यकर्ताओं के साथ सांसद ने गंगाजल लेकर पैदल देवघर के लिए प्रस्थान किया।
सांसद डॉ. ठाकुर ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 7 अक्टूबर 2001 को गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली थी। उनके सार्वजनिक जीवन में जनसेवा के 25 वर्ष पूरे होने के अवसर पर उन्होंने बाबा भोलेनाथ से प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु होने तथा देश को लंबे समय तक उनका नेतृत्व प्राप्त होने की कामना की।
उन्होंने बताया कि सुल्तानगंज से शुरू हुई यह कांवर यात्रा चार दिनों तक पैदल चलेगी और पांचवें दिन बाबा बैद्यनाथ का गंगाजल से जलाभिषेक किया जाएगा।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन में जनता-जनार्दन का निरंतर आशीर्वाद रहा है। उनके नेतृत्व में देश और गुजरात ने विकास के विभिन्न क्षेत्रों में प्रगति की है।
उन्होंने कहा कि सनातन धर्म में सुल्तानगंज से देवघर तक की पैदल कांवर यात्रा का विशेष धार्मिक और ऐतिहासिक महत्व है। इसी आस्था के साथ ‘सेवा संकल्प महाअभियान’ के तहत प्रधानमंत्री मोदी के दीर्घायु और देश के लिए उनके निरंतर नेतृत्व की कामना को लेकर यह यात्रा शुरू की गई है।
डॉ. ठाकुर ने कहा कि पिछले 25 वर्षों में प्रधानमंत्री मोदी की नेतृत्व क्षमता में देश और गुजरात के विकास को नई गति मिली है। बाबा भोलेनाथ से प्रार्थना है कि देश की सेवा के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को दीर्घायु प्रदान करें और राष्ट्र को लंबे समय तक उनका मार्गदर्शन मिलता रहे।
