बिजली आपूर्ति को लेकर सख्त हुए NBPDCL के एमडी, शिकायतों के त्वरित निपटारे का निर्देश

Must read

बिजली आपूर्ति को लेकर सख्त हुए NBPDCL के एमडी, शिकायतों के त्वरित निपटारे का निर्देश

फीडर व ट्रांसफॉर्मर खराब होने पर जल्द बहाल हो बिजली आपूर्ति, बकायेदारों पर कार्रवाई के निर्देश

न्यूज मिथिला, दरभंगा : जिले में बिजली आपूर्ति व्यवस्था को बेहतर बनाने और उपभोक्ताओं की शिकायतों के त्वरित समाधान को लेकर गुरुवार को समाहरणालय स्थित अंबेडकर सभागार में विद्युत आपूर्ति अंचल, दरभंगा के कार्यों की समीक्षा की गई। बैठक की अध्यक्षता नॉर्थ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी लिमिटेड (NBPDCL) के प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने की।

बैठक में जिलाधिकारी कौशल कुमार समेत बिजली विभाग के वरीय अधिकारियों, अभियंताओं, आईटी टीम और कार्यकारी एजेंसियों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। इस दौरान गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति, फीडर व ट्रांसफॉर्मर की खराबी के बाद आपूर्ति बहाल करने, उपभोक्ता शिकायतों के निपटारे, राजस्व वसूली, बकाया राशि, प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना, नए विद्युत उपकेंद्रों, परियोजना कार्यों और नए कनेक्शन की प्रगति की समीक्षा की गई।

एमडी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि बिजली आपूर्ति बाधित होने की स्थिति में फीडर और वितरण ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत कर न्यूनतम समय में आपूर्ति बहाल की जाए। उपभोक्ताओं की शिकायतों को अनावश्यक रूप से लंबित नहीं रखने और प्रत्येक शिकायत का निर्धारित समय-सीमा में समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया।

उन्होंने बिजली बिल में सुधार से संबंधित मामलों का भी समय पर निपटारा करने का निर्देश दिया, ताकि उपभोक्ताओं को परेशानी न हो।

बकायेदारों पर कार्रवाई, राजस्व वसूली में तेजी का निर्देश

बैठक में राजस्व वसूली की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों को निर्धारित लक्ष्य हासिल करने के निर्देश दिए गए। बकाया बिजली बिल जमा नहीं करने वाले उपभोक्ताओं के खिलाफ नियमानुसार विद्युत विच्छेदन की कार्रवाई करने और बकाया राशि की वसूली में तेजी लाने को कहा गया।

प्रधानमंत्री सूर्य घर मुफ्त बिजली योजना की समीक्षा करते हुए एमडी ने निर्धारित लक्ष्य को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया। राज्य अतिरिक्त अनुदान से जुड़े कार्यों के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी विशेष जोर दिया गया।

उपकेंद्रों और नए कनेक्शन के काम में तेजी

नए विद्युत शक्ति उपकेंद्रों और अन्य परियोजना कार्यों की समीक्षा के दौरान कार्यकारी एजेंसियों को निर्धारित समय-सीमा और गुणवत्ता मानकों के अनुसार काम पूरा करने का निर्देश दिया गया। नए विद्युत सेवा कनेक्शन में अनावश्यक विलंब पाए जाने पर संबंधित एजेंसी के खिलाफ कार्रवाई की चेतावनी दी गई।

रामनगर उपकेंद्र का किया निरीक्षण

बैठक के बाद प्रबंध निदेशक राहुल कुमार ने क्षेत्र भ्रमण के दौरान नवनिर्मित रामनगर विद्युत उपकेंद्र का निरीक्षण किया। उन्होंने निर्माण कार्य पर संतोष जताते हुए शेष कार्य को एक सप्ताह के भीतर पूरा करने का निर्देश दिया।

इसके बाद उन्होंने देकुली में प्रधानमंत्री सूर्य घर योजना के तहत कुटीर ज्योति उपभोक्ता के परिसर में लगाए जा रहे मुफ्त सोलर प्लांट का निरीक्षण किया। कार्य की प्रगति पर संतोष जताते हुए संबंधित एजेंसी को काम में तेजी लाने का निर्देश दिया।

बैठक में निदेशक (परियोजना) आईसी यादव, महाप्रबंधक (राजस्व) जयजीत रॉय, मुख्य अभियंता (संचालन एवं संपोषण) बिनोद कुमार, विद्युत अधीक्षण अभियंता अजय कुमार सहित संबंधित अधिकारी मौजूद थे।

NEWS MITHILA, MOBILE NO- 9953259591 EMAIL ID- newsofmithila@gmail.com
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article