दरभंगा स्नातक निर्वाचन में 40, शिक्षक निर्वाचन में 13 प्रत्याशी मैदान में

Must read

दरभंगा स्नातक निर्वाचन में 40, शिक्षक निर्वाचन में 13 प्रत्याशी मैदान में

स्नातक के 1.26 लाख और शिक्षक निर्वाचन के 9 हजार मतदाता करेंगे मतदान, दोनों क्षेत्रों में बनाए गए 237 मतदान केंद्र

न्यूज मिथिला, दरभंगा : बिहार विधान परिषद के दरभंगा स्नातक एवं शिक्षक निर्वाचन-2026 को लेकर नामांकन वापसी की प्रक्रिया पूरी हो गई है। इसके साथ ही दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में चुनावी तस्वीर स्पष्ट हो गई है। स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के सभी 40 अभ्यर्थियों के नामांकन वैध पाए गए हैं, जबकि शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में 13 अभ्यर्थी चुनाव मैदान में रह गए हैं। शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में एक अभ्यर्थी का नामांकन अस्वीकृत कर दिया गया।

शुक्रवार को प्रमंडलीय सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में निर्वाची पदाधिकारी सह दरभंगा प्रमंडल के आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने निर्वाचन की तैयारियों और मतदाता सूची से संबंधित जानकारी दी। उन्होंने बताया कि निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण चुनाव संपन्न कराने के लिए संबंधित जिलों के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए हैं।

स्नातक निर्वाचन में 1,26,951 मतदाता

दरभंगा स्नातक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 1,26,951 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें मधुबनी के 29,316, दरभंगा के 34,001, समस्तीपुर के 34,429 और बेगूसराय के 29,205 मतदाता शामिल हैं। इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए चारों जिलों में कुल 138 मतदान केंद्र बनाए गए हैं।

जिलेवार मतदान केंद्रों की बात करें तो मधुबनी में 32, दरभंगा में 43, समस्तीपुर में 34 और बेगूसराय में 29 केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

शिक्षक निर्वाचन में 9,026 मतदाता

शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में कुल 9,026 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। इनमें मधुबनी के 1,829, दरभंगा के 2,800, समस्तीपुर के 2,350 और बेगूसराय के 2,047 मतदाता शामिल हैं।

इस निर्वाचन क्षेत्र के लिए कुल 99 मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं। इनमें मधुबनी में 23, दरभंगा में 32, समस्तीपुर में 24 और बेगूसराय में 20 मतदान केंद्र बनाए गए हैं। इस प्रकार दोनों निर्वाचन क्षेत्रों में कुल 237 मतदान केंद्रों पर मतदान की व्यवस्था की गई है।

तीन चरणों में होगा कर्मियों का प्रशिक्षण

आयुक्त हिमांशु कुमार राय ने बताया कि निर्वाचन कार्य में लगाए जाने वाले कर्मियों को तीन चरणों में प्रशिक्षण दिया जाना है। प्रथम चरण का प्रशिक्षण पूरा हो चुका है। शेष प्रशिक्षण निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार कराया जाएगा, ताकि मतदान प्रक्रिया के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो।

उन्होंने संबंधित जिलों के सहायक निर्वाची पदाधिकारियों और निर्वाचन कार्य से जुड़े अधिकारियों को सभी तैयारियां समय पर पूरी करने का निर्देश दिया। आयुक्त ने कहा कि निर्वाचन प्रक्रिया को सुव्यवस्थित और निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी संबंधित पदाधिकारी आपसी समन्वय के साथ काम कर रहे हैं।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में आयुक्त के सचिव सुशील कुमार मिश्रा, उप मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अविनाश चंद्र, प्रभारी उपनिदेशक जनसंपर्क आशीष अमन सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित थे।

NEWS MITHILA, MOBILE NO- 9953259591 EMAIL ID- newsofmithila@gmail.com
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article