सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने जताया हर्ष, बोले- मिथिला में आर्थिक क्रांति और रोजगार के नए अवसरों की खुलेगी राह
न्यूज मिथिला, दरभंगा : दरभंगा एयरपोर्ट के आसपास लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के निर्माण की दिशा में बिहार सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। इसके लिए 49.9973 एकड़ जमीन के अधिग्रहण हेतु 225.91 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है। इस फैसले पर दरभंगा के सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने हर्ष जताते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी के प्रति आभार प्रकट किया है।
सांसद ने कहा कि लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब दरभंगा सहित पूरे मिथिला क्षेत्र की आर्थिक तस्वीर बदलने में अहम भूमिका निभाएगा। इससे व्यापार और निर्यात को बढ़ावा मिलेगा तथा स्थानीय युवाओं के लिए रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। उन्होंने इसे क्षेत्र में आर्थिक क्रांति की नींव करार दिया।
पहले 138.82 करोड़ की मिली थी स्वीकृति
डॉ. ठाकुर ने बताया कि दरभंगा एयरपोर्ट के निकट लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के निर्माण के लिए उन्होंने केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण, नागर विमानन मंत्री राममोहन नायडू, बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और वर्तमान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी से पहल करने का आग्रह किया था। इसके बाद 13 जनवरी 2026 को बिहार मंत्रिमंडल की बैठक में लगभग 50 एकड़ जमीन के अधिग्रहण के लिए 138 करोड़ 82 लाख 80 हजार रुपये की प्रशासनिक स्वीकृति दी गई थी। अब लागत का पुनर्मूल्यांकन करने के बाद राशि बढ़ाकर 225.91 करोड़ रुपये कर दी गई है।
मिथिला के उत्पादों को मिलेगा निर्यात का अवसर
सांसद ने कहा कि कार्गो हब के विकसित होने से मिथिला के किसानों और स्थानीय उद्यमियों को बड़ा लाभ मिलेगा। क्षेत्र के फल, सब्जियां, मखाना, मधुबनी पेंटिंग से जुड़े उत्पाद और अन्य कृषि आधारित वस्तुओं को तेजी से दूसरे राज्यों और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में मदद मिलेगी। इससे परिवहन, भंडारण और सप्लाई चेन की व्यवस्था मजबूत होगी तथा व्यापारिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।
एयरोसिटी के विकास से बढ़ेंगे रोजगार के अवसर
डॉ. ठाकुर के अनुसार, लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के साथ एयरपोर्ट के आसपास एयरोसिटी के विकास की संभावनाएं भी मजबूत होंगी। इसके तहत पांच सितारा होटल और अन्य आधुनिक सुविधाओं का विकास होने से रोजगार के अतिरिक्त अवसर पैदा हो सकते हैं। उन्होंने कहा कि इससे परिवहन, लॉजिस्टिक्स, वेयरहाउसिंग, व्यापार और सेवा क्षेत्र में स्थानीय लोगों के लिए नए रास्ते खुलेंगे।
उत्तर बिहार का प्रमुख ट्रेड हब बनेगा दरभंगा
सांसद ने बिहार सरकार के इस निर्णय को रोजगार और आर्थिक विकास की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताते हुए कहा कि लॉजिस्टिक पार्क और कार्गो हब के निर्माण से दरभंगा उत्तर बिहार के प्रमुख व्यापारिक केंद्र के रूप में उभर सकता है। इससे न केवल दरभंगा, बल्कि पूरे मिथिला क्षेत्र की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि केंद्र और राज्य की एनडीए सरकार के प्रयासों से क्षेत्र में विकास की नई संभावनाएं साकार होंगी।
