बिरौल / दरभंगा : भारतीय जनसंघ के समय से भाजपा से जुड़े वरिष्ठ कार्यकर्ता एवं सुपौल बाजार, बिरौल के प्रतिष्ठित होम्योपैथी चिकित्सक डॉ. शशिभूषण महतो के निधन पर दरभंगा के सांसद सह लोकसभा में भाजपा सचेतक डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने गहरी शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने उनके निधन को पार्टी और समाज के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि डॉ. महतो के निधन से एक युग का अंत हो गया है।
सांसद डॉ. ठाकुर स्थानीय विधायक सुजीत कुमार सिंह एवं अन्य पार्टी नेताओं के साथ डॉ. महतो के आवास पर पहुंचे। वहां उन्होंने दिवंगत नेता की तस्वीर पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी तथा शोकाकुल परिजनों से मुलाकात कर अपनी संवेदना प्रकट की।
इस अवसर पर डॉ. ठाकुर ने कहा कि डॉ. शशिभूषण महतो ने लंबे समय तक पार्टी से जुड़कर संगठन के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बनाए रखी। एक चिकित्सक के रूप में भी उन्होंने समाज में अपनी विशिष्ट पहचान बनाई थी। उनके निधन से न केवल भाजपा, बल्कि चिकित्सा जगत और सामाजिक क्षेत्र को भी अपूरणीय क्षति हुई है।
सांसद ने ईश्वर से प्रार्थना की कि दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान करें तथा शोक संतप्त परिवार को इस कठिन समय में दुःख सहन करने की शक्ति दें।
