बिहार एवं पूर्वांचल समाज की बैठक में लिया गया निर्णय, 2027 के यूपी विधानसभा चुनाव में एकजुटता पर दिया गया जोर
नोएडा : उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 को लेकर बिहार एवं पूर्वांचल समाज ने राजनीतिक भागीदारी बढ़ाने की दिशा में पहल शुरू कर दी है। इसी क्रम में सेक्टर-45, सदरपुर स्थित शिव सेवा वेदांत दर्शन मंदिर, नोएडा में पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के तहत समाज की एक बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता अंतरराष्ट्रीय मैथिली परिषद के अध्यक्ष शैलेन्द्र मिश्रा ने की। बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव में पांच सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारने का निर्णय लिया गया। इनमें नोएडा, गाजियाबाद, साहिबाबाद, दादरी और जेवर विधानसभा क्षेत्र शामिल हैं। बैठक में सर्वसम्मति से 61-नोएडा विधानसभा क्षेत्र से शैलेन्द्र मिश्रा को प्रत्याशी बनाने की घोषणा की गई।
बैठक को संबोधित करते हुए शैलेन्द्र मिश्रा ने बिहार एवं पूर्वांचल, विशेषकर मिथिलांचल के लोगों से एकजुट होने की अपील की। उन्होंने कहा कि नोएडा को विकसित करने में बिहार और पूर्वांचल के लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसके बावजूद जनसंख्या के अनुपात में समाज को राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं मिल पाया है। उन्होंने कहा कि समाज के लोग विभिन्न क्षेत्रों में अपनी मेहनत और प्रतिभा के बल पर मजबूत स्थिति में हैं, लेकिन आपसी एकता की कमी के कारण उन्हें अपेक्षित सम्मान और राजनीतिक भागीदारी नहीं मिल पा रही है।
शैलेन्द्र मिश्रा ने कहा कि दूसरे प्रदेशों से हजारों किलोमीटर दूर रहकर आजीविका कमाने वाले पूर्वांचलवासियों के लिए आपसी एकता बेहद जरूरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि कई राजनीतिक नेता जरूरत पड़ने पर समाज के लोगों को याद करते हैं, लेकिन सामान्य परिस्थितियों में उनकी समस्याओं और जरूरतों पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया जाता। उन्होंने लोगों से किसी भी राजनीतिक दल या नेता के प्रभाव में बंटने के बजाय अपना संगठन मजबूत करने और अधिकारों के लिए लोकतांत्रिक तरीके से संघर्ष करने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि नोएडा के विकास में बिहार एवं पूर्वांचल के लोगों का योगदान उल्लेखनीय रहा है। अब समय आ गया है कि समाज अपनी एकजुटता के बल पर राजनीतिक भागीदारी सुनिश्चित करे। उन्होंने उपस्थित लोगों से अपील की कि यदि वे उनके विचारों से सहमत हैं, तो अपनी राय दें और समाज को संगठित करने के अभियान में सहयोग करें।
बैठक में उपस्थित लोगों ने आगामी विधानसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए समाज की राजनीतिक भागीदारी और संगठन को मजबूत करने पर विचार-विमर्श किया। आयोजकों के अनुसार, 2027 के विधानसभा चुनाव में पांच सीटों पर प्रत्याशी उतारने की योजना के तहत समाज के बीच जनसंपर्क और एकजुटता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा।
बैठक में ये लोग रहे उपस्थित
बैठक में कृपाल मिश्रा, संतोष मिश्रा, मोहनजी झा, रामप्रीत मंडल, सदाई पासवान, रविंदर मिश्रा, मनोज मिश्रा, मोहन मिश्रा, पूरन झा, श्रवण झा, पवन झा, बासुकी झा, संतोष झा, सुविन्दर झा, भोला कामत, रणजीत उपाध्याय, शशि झा, बरुन ठाकुर, दीपक झा, वीरबल यादव, दिवाकान्त झा, मुरारी झा, मुकेश कुमार, कन्हैया ठाकुर, मदन जी ठाकुर, चन्दन ठाकुर, सुनील मिश्रा, अवधेश प्रजापति, घूरन मंडल सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे।
