एनएच-27 पर छह फुट ओवरब्रिज का जल्द होगा शिलान्यास, बाजार समिति चौक पर बनेगा फ्लाईओवर व अंडरपास

Must read

दरभंगा सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के अधिकारियों के साथ की समीक्षा बैठक, आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे समय पर पूरा करने का निर्देश

रामनगर के पास बनेगा ट्रामा सेंटर, सड़क दुर्घटना में घायलों को मिलेगी त्वरित चिकित्सा सुविधा

दरभंगा, न्यूज़ मिथिला डेस्क : जिले में सड़क संपर्क व्यवस्था को सुदृढ़ करने और यातायात की समस्याओं के समाधान को लेकर शनिवार को दरभंगा परिसदन में सांसद डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के वरीय अधिकारियों एवं अभियंताओं के साथ उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में एनएच और एनएचएआई से जुड़ी नई एवं निर्माणाधीन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई। इस दौरान बाजार समिति चौक पर फ्लाईओवर एवं अंडरपास निर्माण, एनएच-27 पर फुट ओवरब्रिज, आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे को समय पर पूरा करने और रामनगर के पास ट्रामा सेंटर निर्माण सहित दो दर्जन से अधिक महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा हुई।

बैठक के बाद सांसद डॉ. ठाकुर ने बताया कि एनएच-27 पर दरभंगा जिले की सीमा के अंतर्गत स्वीकृत छह फुट ओवरब्रिज का जल्द शिलान्यास किया जाएगा। बाजार समिति चौक के पास फ्लाईओवर एवं अंडरपास का निर्माण कराया जाएगा। इसके अतिरिक्त महिंद्रा एजेंसी, रानीपुर, बसैला तथा पुरानी मनीगाछी के पास भी फुट ओवरब्रिज बनाए जाएंगे। इन परियोजनाओं से सड़क पार करने में होने वाली परेशानी कम होगी और दुर्घटनाओं की आशंका घटेगी।

आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे समय पर पूरा करने का निर्देश

सांसद ने अधिकारियों को आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे का निर्माण निर्धारित समयसीमा में पूरा करने का सख्त निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि इस महत्वपूर्ण परियोजना के पूरा होने से दरभंगा सहित मिथिलांचल के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी। क्षेत्र में सड़क संपर्क बेहतर होने से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा, स्वास्थ्य सेवाओं और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

उन्होंने दरभंगा में रामनगर के पास आमस-दरभंगा एक्सप्रेस-वे पर ट्रामा सेंटर के निर्माण की पहल पर भी जोर दिया। सांसद के अनुसार, सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने में यह केंद्र महत्वपूर्ण साबित होगा।

350 करोड़ की लागत से बनेगा लिंक रोड

बैठक में 527ई रामनगर-रोसड़ा पथ में निमैठी से एसएच-88 तक करीब 12 किलोमीटर लंबे लिंक रोड के निर्माण पर चर्चा हुई। इस परियोजना की लागत लगभग 350 करोड़ रुपये बताई गई। इसके अलावा करीब 225 करोड़ रुपये की लागत से मुसरीघरारी-दरभंगा सड़क परियोजना, एयरपोर्ट से फोरलेन कनेक्टिविटी के लिए लगभग 766 करोड़ रुपये की लागत से ट्रंपेटेड इंटरचेंज फ्लाईओवर तथा एम्स के पश्चिमी हिस्से में करीब 1,000 करोड़ रुपये की लागत से 12 किलोमीटर लंबे रिंग रोड के निर्माण से जुड़े मुद्दों पर अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए।

सांसद ने लोहिया चौक से पंडासराय तक सड़क की अलाइनमेंट प्रक्रिया को करीब 25 करोड़ रुपये की लागत वाली संबंधित परियोजना के संदर्भ में शीघ्र पूरा करने तथा अन्य निर्माणाधीन योजनाओं में तेजी लाने पर भी जोर दिया।

कई नई सड़क परियोजनाओं को लेकर हुई चर्चा

बैठक में पशुपतिनाथ धाम से कुशेश्वरस्थान होते हुए बाबा बैद्यनाथ धाम तक हाई स्पीड कॉरिडोर के निर्माण की पहल तेज करने का निर्देश दिया गया। इसके साथ ही सुपौल-दरभंगा प्रस्तावित हाईवे तथा पटना-पूर्णिया, गोरखपुर-सिलीगुड़ी और रक्सौल-हल्दिया जैसी महत्वपूर्ण सड़क परियोजनाओं की मंजूरी की दिशा में प्रयास तेज करने पर चर्चा हुई।

सांसद ने एनएच-फोरलेन से दरभंगा एयरपोर्ट तक बेहतर कनेक्टिविटी सुनिश्चित करने और ट्रंपेटेड इंटरचेंज फ्लाईओवर के निर्माण को भी प्राथमिकता देने की बात कही।

विकास कार्यों में लापरवाही बर्दाश्त नहीं

डॉ. गोपाल जी ठाकुर ने अधिकारियों से कहा कि दरभंगा मिथिला क्षेत्र का प्रमुख केंद्र है। ऐसे में यहां सड़क संपर्क व्यवस्था का मजबूत होना क्षेत्रीय विकास के लिए बेहद जरूरी है। बेहतर सड़क नेटवर्क से व्यापार, पर्यटन, शिक्षा और स्वास्थ्य सेवाओं को लाभ मिलेगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि विकास योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की शिथिलता स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में राष्ट्रीय राजमार्ग मंत्रालय के बिहार क्षेत्रीय अधिकारी आर. वेंकटेश्वर, सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्रालय के क्षेत्रीय अधिकारी शशिभूषण सहित विभिन्न परियोजनाओं के प्रोजेक्ट डायरेक्टर, कार्यपालक अभियंता, सहायक अभियंता और अन्य वरीय अधिकारी उपस्थित थे।

NEWS MITHILA, MOBILE NO- 9953259591 EMAIL ID- newsofmithila@gmail.com
- Advertisement -spot_img

More articles

- Advertisement -spot_img

Latest article