दरभंगाबिहारराज्य

दरभंगा में ₹10 वाली ‘उम्मीद की किरण चिकित्सा केंद्र’ का ऐतिहासिक शुभारंभ

दरभंगा। मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय संगठन के तत्वावधान में रविवार को दोनार स्थित सहनी पोखर के सामने ‘उम्मीद की किरण चिकित्सा केंद्र’ नामक ₹10 वाली क्लिनिक का विधिवत शुभारंभ किया गया। जनसेवा को समर्पित इस ऐतिहासिक पहल को लेकर स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखा गया। दरभंगा के इतिहास में पहली बार किसी सामाजिक संस्था ने इस पैमाने पर स्वास्थ्य सेवा से जुड़ा कार्यक्रम आयोजित किया है।

उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में बिहार सरकार के पूर्व मंत्री एवं जाले विधानसभा के विधायक श्री जीवेश कुमार उपस्थित रहे। उन्होंने फीता काटकर क्लिनिक का शुभारंभ किया। इस अवसर पर विधायक ने कहा कि “आज का दिन केवल दरभंगा ही नहीं, पूरे मिथिला के लिए गौरव का क्षण है। मानवाधिकार एवं सामाजिक न्याय की यह पहल सराहनीय और ऐतिहासिक है। मात्र ₹10 में चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना समाज सेवा का उत्कृष्ट उदाहरण है।”

उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी क्लिनिक के संचालन के लिए संसाधन और मानवबल की बड़ी जरूरत होती है, और इस दिशा में संगठन की टीम पूरी तरह सक्षम दिखाई देती है। उन्होंने आशा व्यक्त की कि यह क्लिनिक निरंतर संचालित होकर दरभंगा की बड़ी आबादी को राहत पहुंचाएगी।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रोहित कुमार सिंह ने कहा कि संगठन की पहचान हमेशा से समाज के अंतिम पायदान पर बैठे लोगों तक सेवाएं पहुंचाने की रही है। “₹10 वाली क्लिनिक शुरू करने का उद्देश्य केवल एक है— सेवा ही परम धर्म,” उन्होंने कहा। उन्होंने बताया कि इस क्लिनिक में बिहार के प्रसिद्ध चिकित्सक डॉ. जयप्रकाश भिन्दवार के अनुभव का सीधा लाभ मरीजों को मिलेगा।

उन्होंने कहा कि डीएमसीएच की अव्यवस्था और निजी अस्पतालों की ऊँची फीस के बीच गरीब और मध्यम वर्ग दोनों ही पिसते नजर आते हैं। ऐसे में यह क्लिनिक स्वस्थ और सुखद दरभंगा के सपने को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।

कार्यक्रम में डॉक्टर पंकज प्रकाश भिन्दवार, विवेक कुमार चौधरी, विजय कुमार जमुना, अजय कुमार अन्नपूर्णा आदि के महत्वपूर्ण सहयोग की सराहना की गई।

रिटायर्ड असिस्टेंट सिविल सर्जन डॉ. जयप्रकाश भिन्दवार ने कहा कि सरकारी सेवा के दौरान समाज ने उन्हें बहुत सम्मान दिया, अब वह समाज को वापस लौटाने की इच्छा से इस क्लिनिक से जुड़े हैं। “अपने जीवन के अंतिम दिनों तक समाज और मरीजों की सेवा करना ही मेरे लिए सबसे बड़ा सौभाग्य है,” उन्होंने कहा।

संगठन के जिला अध्यक्ष डॉ. पंकज प्रकाश भिन्दवार ने कहा कि स्वास्थ्य सेवा हर नागरिक का अधिकार है और एक डॉक्टर होने के नाते समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाना उनका कर्तव्य है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह क्लिनिक आने वाले समय में ऐतिहासिक सफलता हासिल करेगी।

क्लिनिक के चीफ कोऑर्डिनेटर एवं संगठन के पूर्व जिलाध्यक्ष विवेक कुमार चौधरी ने कहा कि समाज सेवा दिखावे का नहीं, बल्कि कर्म का विषय है। उन्होंने बताया कि ‘उम्मीद की किरण चिकित्सा केंद्र’ सप्ताह में दो दिन— शुक्रवार और शनिवार, सुबह 10 से 12 बजे तक संचालित होगा। रजिस्ट्रेशन शुल्क मात्र ₹10 रखा गया है। आने वाले समय में पैथोलॉजी और अन्य सुविधाएँ भी शुरू की जाएँगी।

व्यापारी प्रकोष्ठ के जिलाध्यक्ष विजय कुमार जमुना ने कहा कि समाज सेवा में आर्थिक योगदान देना परंपरा और जिम्मेदारी दोनों है।

कार्यक्रम में डॉ. रजनीकांत, प्रदेश महासचिव अजय कुमार अन्नपूर्णा, आईटी सेल के जिलाध्यक्ष प्रवीण कुमार, तथा कुशेश्वरस्थान प्रखंड अध्यक्ष राजीव कुमार राय ने भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।


 

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!