गरीबों से नागरिकता प्रमाण पत्र मांगने वालों को उखाड़ फेंकना होगा: मंजू प्रकाश
भाकपा माले का चौथा प्रखंड सम्मेलन विभूतिपुर के मेहिषी पंचायत में संपन्न
समस्तीपुर, 1 जुलाई 2025।
विभूतिपुर प्रखंड के मेहिषी पंचायत स्थित अर्धनिर्मित फैक्स भवन में भाकपा माले का चौथा प्रखंड सम्मेलन केन्द्रीय कमेटी सदस्य का. मंजू प्रकाश के झंडोत्तोलन व शहीद नेताओं को श्रद्धांजलि अर्पित कर शुरू हुआ। सम्मेलन स्थल को दिवंगत कॉ. बहादुर राम के नाम समर्पित किया गया।
उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए का. मंजू प्रकाश ने भाजपा-जदयू पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि इन दलों की सरकार ने बिहार की जनता को केवल धोखा दिया है। उन्होंने कहा कि 65% आरक्षण को 9वीं अनुसूची में शामिल न करना, बड़े उद्योगों का अभाव, बंद पड़ी मिलें, युवाओं को रोजगार व शिक्षा की कमी तथा पलायन की स्थिति सरकार की विफलता का प्रमाण है।
उन्होंने आरोप लगाया कि अब गरीब और वंचित तबकों को वोट देने से रोकने के लिए नागरिकता प्रमाण पत्र की मांग की जा रही है, जो लोकतंत्र के खिलाफ है। ऐसी तानाशाही सरकार को उखाड़ फेंकने का संकल्प लेना होगा।
सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को जिला स्थायी कमेटी सदस्य फूलबाबू सिंह ने भी संबोधित किया और जन-आंदोलन को और तेज करने का आह्वान किया।
सम्मेलन में जिला सचिव उमेश कुमार ने पर्यवेक्षक की भूमिका निभाते हुए 29 सदस्यीय नई प्रखंड कमेटी का प्रस्ताव रखा, जिसे सर्वसम्मति से पारित कर अजय कुमार को पुनः प्रखंड सचिव चुना गया। सम्मेलन की अध्यक्षता उमेश चंद्र साहु, ललन कुमार एवं पुनम देवी की तीन सदस्यीय अध्यक्ष मंडली ने की।
प्रतिवेदन पर 16 प्रतिनिधियों ने अपनी बात रखी। समापन सत्र में जिला स्थायी कमेटी सदस्य ललन कुमार ने सभी को धन्यवाद देते हुए 9 जुलाई को प्रस्तावित अखिल भारतीय हड़ताल को सफल बनाने की अपील की।

